आगरा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जननायक थे। वह सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। उन्होंने जीवनभर पिछड़े, दलित, वंचित और शोषित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। ये विचार शनिवार को महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने व्यक्त किए। मौका था सविता-सेन महासभा की ओर से शहीद नगर में आयोजित जयंती समारोह का।
समाजवादी शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष सुलेखा श्रीवास्तव, सुनील चित्तोड़िया, राजीव सविता एवं नरेंद्र सविता के नेतृत्व में सविता समाज ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर जन जागरण वाहन रैली निकाली। त्रिदेव गेस्ट हाउस, सौ फुटा रोड, कालिंदी विहार से शनिवार सुबह 10 बजे को हरी झंडी दिखाई।
छलेसर, कुबेरपुर, इनर रिंग रोड, रमाडा, तोरा पुलिस चौकी होते हुए रैली फतेहाबाद रोड स्थित सपा कार्यालय पहुंची। जहां महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव ममता टपलू, पवन प्रजापति, संतोष पाल, देवेंद्र यादव एवं पप्पू यादव आदि का स्वागत हुआ।
पार्टी कार्यालय पर जयंती कार्यक्रम के बाद रैली राजपुर चुंगी, सदर बाजार, आगरा स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मारक स्थल पर पहुंची। यहां श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सपा शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष सुलेखा श्रीवास्तव ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की नीतियां आज भी पिछड़े और वंचित समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाजवादी लोग ही उनके सपनों के समतामूलक समाज की स्थापना करेंगे। इस दौरान मनीष सविता, राजेश सविता, गणेश सविता, बलविंदर सिंह जाटव, सलमान खान, कादिर कुरैशी आदि मौजूद रहे।