डाक कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों की कार सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में असंतुलित होकर रोहता नहर में जा गिरी। कार सवार पांच कांवड़िए फंस गए। राहगीरों की मदद से कार में फंसे कांवड़ियों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया।
मुरैना (मध्य प्रदेश) के गांव तिलवाली निवासी गजेंद्र सिंह सिकरवार अपने 4 साथियों के साथ डाक कांवड़ लेकर कार से आ रहे थे। सुबह करीब छह बजे इनर रिंग रोड से रोहता नहर बाईपास पहुंचने के दौरान देवरी पुलिया पर सामने से तेज रफ्तार में ट्रक आता दिखा। गजेंद्र ने बताया कि ट्रक को बचाने की कोशिश में चालक कार को किनारे करने लगे। नहर पर बाउंड्री नहीं होने के कारण कार नहर में जा गिरी।