कासगंज से कानपुर-फर्रुखाबाद-मथुरा-बांद्रा की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबर है। लॉकडाउन में थमे ट्रेनों के पहिए अब कासगंज जंक्शन स्टेशन से भी दौड़ने लगेंगे। फिलहाल एक साप्ताहिक ट्रेन कानपुर-बांद्रा सुपरफास्ट सात अक्तूबर से दौड़ने लगेगी। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही इज्जतनगर रेल मंडल ने ट्रेन दौड़ाने की पूरी तैयारी कर ली है।
लॉकडाउन के बाद ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। अनलॉक लागू होने के बाद भी कोई ट्रेन संचालित नहीं हुई। इतना समय हो जाने के बाद अनलॉक में देशभर में स्पेशल ट्रेनें दौड़ने लगी, लेकिन कासगंज से ट्रेनें दौड़ने की उम्मीद प्रत्येक अनलॉक में टूटती गई। अब अनलॉक 5 में एक खुशखबरी मिली है।
कासगंज जंक्शन स्टेशन से एक ट्रेन सप्ताह में गुजरेगी। कानपुर से चलकर बांद्रा को जाने वाली सुपर फास्ट प्रत्येक बुधवार को कासगंज से बांद्रा की ओर जाएगी, जबकि प्रत्येक शुक्रवार को कासगंज से कानपुर की ओर जाएगी। फर्रुखाबाद-कानपुर-मथुरा की ओर जाने वाले यात्रियों को अब सहूलियत मिल सकेगी।