आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज से एमडी तृतीय वर्ष कर रही छात्रा ने गुरुवार रात को अपने कमरे में फांसी लगा ली। उसने इससे पहले एक सुसाइड नोट अपनी सहेली को भेज दिया। सुसाइड नोट देखने के बाद सहेली कमरे पर पहुंच गई। उसने परमजीत को फंदे से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन उन्हें गुरु ग्राम के मेदांता अस्पताल में ले गए हैं। उनकी हालत गंभीर है।
न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, पार्ट-2, सुखराम हॉस्पिटल रोड, पलवल, हरियाणा निवासी सुनील कुमार भारद्वाज सैफई अस्पताल से एमडी फाइनल कर रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी परमजीत (29) भी एसएन मेडिकल कॉलेज में एमडी फाइनल की छात्रा है। वह कोतवाली के चर्च कंपाउंड स्थित किराए के मकान में रहती हैं।
गुरुवार रात की है घटना
गुरुवार रात को छात्रा ने अपनी कॉलेज की दोस्त साधना को मोबाइल पर सुसाइड नोट भेजा। इसमें तनाव में आकर फांसी लगाने की बात कही। इस पर साधना उनके कमरे पर पहुंचीं। धक्का मारने पर कमरे का दरवाजा खुल गया। परमजीत खिड़की से दुपट्टे से बने फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। सहेली ने उन्हें किसी तरह नीचे उतारा। इसके बाद इमरजेंसी लेकर आए।