उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में न्यायिक अधिकारी से चाैथ मांगने का मामला सामने आया है। न्यायिक अधिकारी को महाराष्ट्र के नंबर से काॅल किया गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आगरा के हरीपर्वत थाना क्षेत्र में रहने वाले एक न्यायिक अधिकारी को अनजान नंबर से कॉल की गई। पहले अपशब्द कहे फिर 10 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकाया। दो बार कॉल भी की। न्यायिक अधिकारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिस नंबर से कॉल की गई उसकी लोकेशन महाराष्ट्र की है। पुलिस साइबर ठगी के बिंदु पर भी जांच कर रही है।
विज्ञापन
न्यायिक अधिकारी की तैनाती दीवानी में है। उन्होंने थाना हरीपर्वत में शिकायत की। आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात 9 बजे से 10 बजे के बीच उनके पास तीन अलग-अलग अनजान नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले ने गालियां दी। वह समझ नहीं पाए। बाद में 10 लाख रुपये मांगे गए। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल आने के बाद से वह काफी डरे हैं। पुलिस ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर नंबरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीसीपी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि प्रथम दृष्टया साइबर ठगों की हरकत मानी जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
धमकाने पर अधिवक्ता भी चिंतित
न्यायिक अधिकारी को कॉल कर धमकी देने की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ता चिंतित और आक्रोशित हैं। अधिवक्ता चौधरी अजय सिंह ने कहा कि न्यायिक अधिकारी को धमकाने के आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए।