कासगंज। सहावर में एक शादी समारोह में एक बाराती द्वारा दूसरे की बंदूक को लेकर हर्ष फायरिंग की गई। इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। मामले को एसपी के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई है।
मोहल्ला कटरा में 27 अप्रैल को एक शादी समारोह कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान डीजे पर लोगों द्वारा नृत्य किया जा रहा था। इसी दौरान दीपक ने अपने एक साथी की सुमित की लाइसेंसी बंदूक लेकर डीजे पर नृत्य करने लगा। इसी बीच उसने फायरिंग भी की। उसकी वीडियो किसी अन्य बाराती ने बना ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस अधीक्षक ने हर्ष फायरिंग की वीडियो को संज्ञान लेते हुए आरोपी को युवक को चिह्नित कर कार्रवाई किए जाने के निर्देश कोतवाली प्रभारी को दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस सक्रिय हो गई। सोमवार की सुबह हर्ष फायरिंग का आरोपी दीपक को पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की कार्रवाई की है।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग की वीडियो वायरल थी, जिसे उच्च अधिकारियों के आदेश पर युवक को चिह्नित कर बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है और उसे जेल भेजे जाने की कार्रवाई की है।