कोसीकलां में बंद मकान से चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
- फोटो : KOSI
कोसीकलां। शालीमार रोड पर एक कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान पर धावा बोल दिया। चोर छत का जाल तोड़कर मकान में घुस गए और लाखों रुपये के आभूषण एवं नकदी ले गए। घटना के समय परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था।
नरसी विलेज के समीप स्थित एक कॉलोनी निवासी बलराम पांडेय अपने परिवार के साथ सोमवार को शादी समारोह में भाग लेने गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा था। देररात चोरों ने घर की छत पर लगे जाल को उखाड़ दिया और घर में प्रवेश कर गए। चोर घर की अलमारी में रखे एक लाख 70 हजार रुपये की नकदी एवं छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
वारदात के बाद चोर घर के मंदिर में विराजमान ठाकुरजी की मूर्ति को घर के मुख्य गेट पर फेंक गए। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने मकान के बाहर सामान बिखरा देखकर मामले की जानकारी बलराम पांडेय को दी। सूचना पर पहुंचे मकान स्वामी ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव अजीजपुर में बंद मकान में चोरी
कोसीकलां। गांव अजीजपुर मे बंद मकान की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण समेत कीमती सामान ले गए। गांव अजीजपुर निवासी वीरवती के पुत्र गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। करीब एक माह पूर्व वीरवती घर का ताला लगाकर अपने पुत्रों के पास गुरुग्राम चली गईं। सोमवार रात चोरों ने उनके घर पर धावा बोल दिया और घर की खिड़की तोड़कर प्रवेश कर लिया।
चोर घर से लाखों रुपये के चांदी एवं सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसियों ने मंगलवार सुबह टूटी खिड़की देखकर वीरवती को घटना की जानकारी दी। सूचना पर वीरवती और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वीरवती चोरी गए सामान का आंकलन कर रही हैं। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।