फोटो 4 इरादतनगर कुर्राचित्तरपुर क्षेत्र में चोरों का आतंक, नहीं रुक रहा चोरियों का सिलसिला
इरादतनगर। टोडरा की शाला गांव के चार घरों में रविवार की रात चोरी हो गई। चोर चारों घरों से लाखों रुपये के गहने और नकदी उठा ले गए। घर से चोरी की गई संदूक तोड़कर खेत में फेंकी मिली। पीडि़तों की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल पर मौका मुआयना किया। साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
थाना इरादतनगर क्षेत्र के ग्राम टोडरा की शाला में रविवार की रात चोर जगन्नाथ के मकान में घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी चार अंगूठी, दो तोड़िया, दो मंगलसूत्र, दो जंजीर, अन्य सोने-चांदी के गहने और 15 हजार रुपये उठा ले गए। इसके बाद प्रमोद कुशवाहा के घर में पेड़ के सहारे चढ़कर पहुंचे चोर कमरे का ताला तोड़कर संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 9 हजार रुपये ले गए। फिर चोरों ने कृष्णा देवी पत्नी सौदान सिंह के कमरे की चौखट तोड़कर कमरे में प्रवेश कर किया। संदूक में रखे सोने का मंगलसूत्र, जंजीर, सोने चांदी के अन्य गहने और 30 हजार रुपये उठा ले गए। इसके बाद ठाकुरदास के मकान में पेड़ के सहारे चढ़कर घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर संदूक में रखे 75 हजार रुपये और सोने चांदी के आभूषण पार कर दिया। सुबह घरों में सामान बिखरा देख लोगों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ितों ने घटनाओं की तहरीर थाना इरादतनगर में दी है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
लोगों ने बताया कि इससे पहले चौकी कुर्राचित्तरपुर क्षेत्र के गांव टोडरा में बुधवार रात को चोरों ने तीन घरों में चोरी की थी। इसके अलावा गांव सिंगेचा और टोडरा में किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए लगे ट्यूबवेलों से चोर केबल और स्टार्टर चोरी कर ले जा रहे हैं। पीड़ित किसान अशोक लवानिया निवासी गढ़ी उद्दा ने बताया कि बृहस्पतिवार कि रात सिंगेचा गांव के पास खेतों पर सिंचाई के लिए लगे ट्यूबवेल से चोर हजारों रुपए कीमत की केबल काट कर ले गए और स्टार्टर आदि सामान को भी चोरी कर ले गए। गांव के अन्य किसानों के खेतों पर लगे ट्यूबवेलों से भी चोर केबल और स्टार्टर चोरी कर ले गए है। गांव टोडरा निवासी किसान अतुल कुमार के ट्यूबवेल से दो दिन पहले चोर स्टार्टर और केबल चोरी कर ले गए थे।