बटेश्वर l बटेश्वर तीर्थ में नई कैंटर गाड़ी का पूजन कराने आए मैनपुरी के एक परिवार पर सोमवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीर्थ स्थल पर खुशी-खुशी पहुंचे परिजन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब यमुना नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। बिलखते परिजन शव लेकर वापस लौट गए।
मैनपुरी निवासी संजीव सोमवार को करीब 25 लोगों के साथ अपनी नई गाड़ी का पूजन कराने के लिए बटेश्वर आए थे। पूजन से पूर्व सभी ने यमुना में नहाने गए। कुछ लोग मोटरबोट से नदी के पार चले गए, जबकि कुछ ने घाट पर ही स्नान शुरू कर दिया। दोपहर करीब ढाई बजे थाना ओरछा के दिलीपपुर निवासी सुरेश के 22 वर्षीय बेटे विकास का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढ़े चार बजे विकास का शव यमुना से बाहर निकाला। यह देखते ही परिजन और रिश्तेदार बिलख पड़े। घरवालों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामाभर शव परिजन को सौंप दिया।
शव देखते ही अचेत हो गई बूढ़ी मां
बेटे का शव देखते ही बूढी मां अचेत हो गई और करीब आधे घंटे तक बेहोश रही। पानी के छींटे मारने पर उसे होश तो आया, लेकिन उसका विलाप थमा नहीं। परिजन ने बताया कि विकास चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। परिवार के लिए यह पहला सदमा नहीं है इससे पहले होली पर सड़क हादसे में सबसे छोटे भाई विशाल की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरे भाई शीलू ने बीमारी के कारण दम तोड़ दिया था। अब विकास की मौत के बाद चार भाइयों में केवल सबसे बड़ा भाई बंटू ही जीवित बचा है।