कासगंज जिला चिकित्सालय में भर्ती कैदी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जिला कारागार में कई कैदी बीमार हैं। उनका इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा के चिकित्सकों ने पूर्व में किया है। अब इन कैदियों को नियमित जांच के लिए जेल प्रशासन फिर से आगरा भेजेगा। उन्हें बारी-बारी से भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला जेल में बीमार तीन कैदियों की मौत पिछले दिनों हो गई थी।
कई बीमार कैदियों को उपाचार के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। ठंड के मौसम में इन कैदियों को फिर से परेशानी होने लगी है। जेल प्रशासन ने तैयारी की है कि सभी सात बीमार कैदियों को नियमित जांच और चिकित्सीय परामर्श के लिए जिला जेल से रेफर कराकर आगरा भेजा जाए। जेल के चिकित्सक भी बीमार कैदियों की देखभाल कर रहे हैं।
समय समय पर परीक्षण
कैदियों के स्वास्थ्य की जांच समय-समय पर जेल की चिकित्सा टीम कर रही है। जो कैदी बीमार है, उसे प्राथमिक उपचार जेल में ही दिया जा रहा है।
बीमार हुआ कैदी, आगरा रेफर
आगरा मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक कैदी राजू पुत्र रोशन लाल निवासी बल्लिया बरेली का पहले से ही इलाज कर रहे हैं। मंगलवार को इसकी तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने उसे जिला चिकित्सालय भेजा, जहां से उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया है। कैदी हत्या के मामले में बदायूं से सजायाफ्ता है। पिछले साल उसे बदायूं कासगंज जेल में सिफ्ट किया था।