जिले के मलावन में बन रही 1320 मेगावाट जवाहर तापीय परियोजना में कार्यरत अधीक्षण अभियंता को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। अधीक्षण अभियंता को फोन पर धमकी मिलने के बाद परियोजना स्थल पर काम कर रहे कार्मिकों में दहशत है। उधर, अधीक्षण अभियंता की शिकायत पर राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए डीएम को निर्देश दिए हैं।
दरअसल, जिले के मलावन में राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड द्वारा 1320 मेगावाट की विद्युत उत्पादन यूनिटों का निर्माण कराया जा रहा है। काम को दक्षिण कोरिया की दूसान पावर सिस्टम लिमिटेड पूरा करने में जुटी है। साथ ही कार्य की देखरेख के लिए विद्युत उत्पादन लिमिटेड के इंजीनियर और अधिकारी भी परियोजना स्थल पर काम कराते हैं। इस दौरान परियोजना में कार्यरत अधीक्षण अभियंता इंजी. राजेश कुमार दीक्षित को अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर जान से मारने की धमकी दी।
धमकी मिलने के बाद अधिकारी ने विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. सेंथिल पांडियान सी को मामले की जानकारी दी। धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति (कॉलर) के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की। परियोजना में कार्य कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया। प्रबंध निदेशक ने मामले में संज्ञान लेते हुए डीएम और एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रबंध निदेशक का पत्र मिलने के बाद जिला पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति (कॉलर) की तलाश शुरू कर दी है।