कासगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय की 18 जनवरी को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्टेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने बैठक कर स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सचल दल को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। ।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय परीक्षा को नकलविहिन कराने के लिए कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी सात केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जाएगी। दो सचल दल भी परीक्षा में नजर रखेंगे। प्रवेश परीक्षा में 2734 परीक्षार्थी शामिल होंगे सभी सात विकास क्षेत्र पर एक एक केंद्र निर्धारित किया गया है।
परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी से परीक्षा पर नजर रखी जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। संत तुलसीदास म्युनिसिपल इंटर कालेज सोरोंजी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज, मक्खनलाल इंटर कॉलेज अमांपुर, श्री गांधी इंटर कॉलेज सहावर, एसएन इंटर कॉलेज गंजडुंडवारा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पटियाली, पार्वती राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सिढ़पुरा विद्यालय को केंद्र बनाया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में एक-एक सचल दल बनाया गया है जो परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक सचल दल में तीन-तीन शिक्षक नियुक्त किए गए हैं।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, उपजिलाधिकारी सदर संजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।