कासगंज। सदर कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चोरों के पास से 12 बाइक, एक ई रिक्शा एक सोलर प्लेट, दो तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। वाहन चोर आस पास के जनपदों व दिल्ली से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
एसपी अंकिता शर्मा ने इस संबंध में पत्रकारों से वार्ता करते हुए मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि वाहन चोरी की घटना के खुलासे के लिए सीओ आंचल चौहान के नेतृत्व में सदर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। टीम वाहन चोरों को दबोचने के लिए सक्रिय थी। मंगलवार की रात को एटा-कासगंज रोड पर चेकिंग के दौरान ईंट भट्टा के पास 4 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया।
उनके पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद हुए। वाहन चोरों से सख्ती से पूछताछ की तो 12 चोरी की बाइकें, एक ईरिक्शा, एक सोलर प्लेट चोरों की निशान देही पर बरामद किए गए। बरामद बाइकों में तीन जिले से चोरी की गईं थी। जबकि एक बुलट दिल्ली से, शेष अन्य बाइकें विभिन्न स्थानों से चुराई गईं। पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की है।
एसपी ने सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25 हजार के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस टीम में सदर कोतवाली निरीक्षक लोकेश भाटी, सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह एवं एसओजी प्रभारी विनय कुमार शामिल रहे।