कासगंज। जिला खेल कार्यालय की ओर से बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम सोरों में जूनियर बालक-बालिका (20 वर्ष) कबड्डी और जूडो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कबड्डी प्रतियोगिताओं में जवाहर नवोदय और स्टेडियम सोरों विजेता रहा।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. प्रवीन जादौन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जूनियर कबड्डी बालिका वर्ग में छह और बालक वर्ग में आठ टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। जूनियर बालिका कबड्डी के फाइनल में जवाहर नवोदय ने स्टेडियम सोरों को 25-22 से हराया। वहीं, जूनियर बालक वर्ग के फाइनल में स्टेडियम सोरों ने एसजी इंटर कॉलेज को 19-18 से हराकर खिताब जीता। मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उप क्रीड़ाधिकारी हरफूल सिंह ने प्रतियोगिता का संचालन किया। इस दाैरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ह्यूमन सेवियर बोर्ड सचिन यादव, मुनेश कुमार, राजेंद्र सिंह, नीलेश चौहान, यादराम, अजय पाल, दीनदयाल सिंह और मुन्ना लाल आदि मौजूद रहे।
जूडो में विजेताओं का प्रदर्शन
जूनियर बालक और बालिका जूडो प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। बालक वर्ग में मयंक (40 किलो), प्रथम चौहान (45 किलो), रिंकू (50 किलो), आर्यन (55 किलो), सुरेश (60 किलो), तन्मय (66 किलो), सम्राट (73 किलो) और सत्यम (73 प्लस) विजेता बने। बालिका वर्ग में तनिष्का (36 किलो), करिश्मा (40 किलो), चांदनी (44 किलो), खुशबू (48 किलो), सलोनी (52 किलो), प्रतिज्ञा (57 किलो), कृतिका (63 किलो) और सिया (63 प्लस) विजेता रहीं।