बाबा जयगुरुदेव के शिष्य रामवृक्ष यादव के गुरुभाई राजनारायण शुक्ला द्वारा सीजेएम राकेश सिंह की अदालत में दिए गए प्रार्थनापत्र पर सोमवार को भी सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने सुनवाई के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की है। प्रार्थनापत्र के वादी राजनारायण शुक्ला अदालत नहीं आ सके।
बस्ती निवासी राजनारायण शुक्ला द्वारा दो जून 2016 की वारदात का हवाला देते हुए बताया है कि दो जून 2016 को पुलिस मेरे सामने पुलिस लाइन ग्राउंड से हत्या के उद्देश्य से नेताजी (रामवृक्ष यादव) को पकड़ कर ले गई थी। जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। उन्होंने अदालत से रामवृक्ष यादव को बंधक बनाने वालों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच की प्रार्थना की है।
उन्होंने बताया कि वारदात के समय रामवृक्ष यादव के साथ हरनाथ, अमित गुप्ता आदि मौजूद थे। अचानक पुलिस ने हमला कर दिया, जिसमें बहुत सारे लोग मारे गए। हम किसी प्रकार से पुलिस लाइन के हैलीपैड पर पहुंच गए। जहां पर कुछ पुलिस वाले आए और रामवृक्ष यादव को बोलेरो गाड़ी में जबरन डालकर हत्या के उद्देश्य से अपहरण करके ले गए। आशंका है कि नेताजी को पुलिस ने बंधक बनाकर रखा है।
राजनारायण ने अदालत से प्रार्थना की है कि रामवृक्ष यादव का अपहरण करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जाए तथा पता किया जाए कि इस समय रामवृक्ष यादव कहां हैं। अधिवक्ता एलके गौतम ने बताया कि अदालत ने अभी तक राजनारायण के प्रार्थनापत्र पर सुनवाई नहीं की है। 11 अप्रैल को अदालत में शोकावकाश होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने सुनवाई के लिए 25 अप्रैल की तारीख तय की है।