आगरा। चौथे रजत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को होटल ताज कन्वेंशन और होटल ट्राइडेंट के बीच खेले गए तीसरे मैच में ताज कन्वेंशन ने रोमांचक मुकाबले में सात रन से जीत दर्ज की। मैच 15-15 ओवर का खेला गया। मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा।
टॉस जीतकर ट्राइडेंट ने पहले फील्डिंग का फैसला किया। होटल ताज कन्वेंशन ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। जवाब में होटल ट्राइडेंट की टीम ने शानदार बल्लेबाजी की लेकिन टीम 15 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना सकी। ताज कन्वेंशन ने सात रन से मैच अपने नाम कर लिया।
ट्राइडेंट के सुमित को 43 रन की पारी के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। ताज कन्वेंशन के पंकज को दो विकेट लेने पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया। ताज कन्वेंशन के जतिन राजावत ने 57 रन बनाने के साथ 1 विकेट भी लिया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के मुख्य अतिथि होटल जेपी पैलेस आगरा के उपाध्यक्ष हरि सुकुमार रहे। मैच में अंपायर की भूमिका अतुल सोलंकी और दीपक कौशिक ने निभाई। इस दौरान अमूल्य कक्कड़, राजीव सक्सेना, अनुराग शर्मा, रजनी देव नायर, चेताली कपूर, संजय कालरा और राहुल वधवा आदि उपस्थित रहे।
जेपी और आईटीसी के बीच मुकाबला आज
टूर्नामेंट का अगला मैच मंगलवार को जेपी पैलेस और आईटीसी मुगल के बीच खेला जाएगा। आयोजन से जुड़े राजेश शर्मा ने सभी से अपनी-अपनी टीमों का हौसला बढ़ाने और टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।