बुधवार को वाराणसी से आगरा आ रही मरुधर एक्सप्रेस में इटावा के पास जापानी महिला पर्यटक का बैग चोरी हो गया। पता चलने पर उसने कोच कंडेक्टर से लेकर एक्सकोर्ट कर रहे आरपीएफ-जीआरपी तक से शिकायत की। कोच में बैग की तलाशी लेने पर साथ बैठे दो यात्रियों के पास से बैग बरामद किया। दोनों को पकड़ कर आगरा फोर्ट जीआरपी में मुकदमा दर्ज किया है।
ट्रेनों में चोरी, मारपीट की घटना बढ़ती जा रही हैं। गत दिवस झेलम में दो युवतियों के साथ मारपीट हुई, तो बुधवार को इटावा के पास जापानी पर्यटक हितोनी किरोकी का बैग पार हो गया। पर्यटक ट्रेन के कोच नंबर ए-1 की सीट नंबर 45 पर यात्रा कर रही थी। सोने के बाद किसी ने बैग पार कर लिया। कोच कंडेक्टर, आरपीएफ स्टाफ से शिकायत की। सभी ने बैग की तलाशी शुरू की, तो इसी कोच की सीट नंबर पांच पर बैठे दो यात्रियों मुक्ती नारायण पुत्र दशरत वाराणसी और विजय सिन्हा पुत्र नवल सिंह के पास बैग मिला। बैग में मोबाइल, टैबलेट, कैमरा और सात हजार रुपये भारतीय और दस हजार यूरो थे। जैसे ही ट्रेन आगरा फोर्ट पहुंची, दोनों के खिलाफ जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बाद में पर्यटक ने ताजमहल देखा और शाम को जयपुर के लिए रवाना हो गई। जीआरपी इंसपेक्टर बृजमोहन सिंह ने बताया कि मामला इटावा का था, जिसे इटावा जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया गया है।