जनकपुरी महोत्सव में मंगलवार को रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां और भव्य सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई है। भारी भीड़ के चलते जनक महल तक पहुंचने में लोगों को घंटों लगे और कई रास्तों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
झालरों की सतरंगी रोशनी से जगमगाती जनकपुरी की सड़कों पर मंगलवार को भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। क्षेत्र में रामायण के विभिन्न दृश्यों और घटनाक्रमों को जीवंत करती झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा होली पब्लिक स्कूल चौराहे पर सजा भव्य शंख भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता नजर आया।
विज्ञापन
जनकपुरी महोत्सव के मेले का सा मनमोहक दृश्य नजर आया। जगमगाती रोशनी के बीच सड़कों पर उमड़ती भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो पूरा शहर ही जनकपुरी देखने ने के लिए आ गया हो। क्षेत्र में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी विशेष प्रदर्शनियों को देखकर लोगों के कदम स्वतः ठहर जाते और वे इन पलों को अपने मोबाइल में कैद करते दिखाई दिए।
भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। स्थिति यह रही कि जनक महल तक पहुंचने में लोगों को घंटों लग गए। वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं होने के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। जनक महल के पास रास्ता जाम होने के कारण दोनों तरफ से वाहन उल्टी-सीधी दिशा में निकलने लगे, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।