05एमएनपी-24-भोगांव में नवोदय विद्यालय के बाहर तैनात पुलिस
- फोटो : MAINPURI
भोगांव। जवाहर नवोदय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में रखे गए 33 जमातियों में से 10 को करहल स्थित गेस्ट हाउस में भेज दिया गया है। 14 दिन तक उन्हें करहल में ही आइसोलेट किया जाएगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.अमित भारती ने बताया कि नवोदय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में कुल 33 जमाती और उनसे संबंधित लोगों को रखा गया था। इनमें से 10 जमाती को रविवार को कस्बा करहल में बनाए वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।
वहीं रविवार को सीओ और एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ नवोदय विद्यालय में बनाए गए वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान तैनात पुलिस को भी सतर्क रहने के रहने के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 23 जमाती और उनसे संबंधित लोग नवोदय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन वार्ड में हैं।
----------
गंदगी करने पर दी चेतावनी
भोगांव। क्वारंटीन वार्ड में रखे गए जमातियों ने शनिवार रात कई जगह थूक दिया। इस पर उन्हें चेतावनी दी गई कि वार्ड में सफाई रखें और डस्टबिन में ही थूकें। यहां पहुंचे सीओ और एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में पूरा सहयोग करें। गंदगी या अन्य किसी प्रकार की अभद्रता करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------
12 में से आई मात्र चार की रिपोर्ट
मैनपुरी। 12 जमातियों के सैंपल शुक्रवार रात जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। इनमें से रविवार तक महज चार जमातियों की ही रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो सकी। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने बताया कि चार जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव है। आठ की रिपोर्ट देर रात तक आने की संभावना है।