आगरा के यमुना किनारा मार्ग पर हाथी घाट के पास बुधवार रात को भारी वाहनों के आवागमन से छत्ता नाला अचानक धंस गया। इससे जहां नाले का पानी छत्ता गली में घुस गया, वहीं मार्ग पर भीषण जाम लग गया। वाहनों को 2 मिनट की दूरी तय करने में 20 मिनट तक का समय लगा। बृहस्पतिवार सुबह जाम में पर्यटकों के वाहन भी फंस गए। इससे निपटने के लिए यातायात पुलिस के 40 सिपाही और एसआई लगाए गए। वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, रामबाग और विक्टोरिया पार्क से वाहनों को डायवर्ट किया गया। नगर निगम ने नाले का निर्माण शुरू करा दिया है। यह शुकवार शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
यमुना किनारा रोड पार कर रहे नाले का पानी आगे नहीं जा पा रहा था। इस पर सुपर सकर मशीन से सफाई कराई गई। मगर, चोक नाला नहीं खुल सका। बुधवार रात को नाले में सफाई कर्मचारी को उतारा गया। पुलिया को खोलने का प्रयास किया गया। मगर, नाला धंसने के कारण पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। इससे पूरी सड़क भी धंस गई। इस कारण नाले का पानी छत्ता गली में भर गया। जानकारी पर रात में नाले की मरम्मत का काम शुरु कराया गया।
बृहस्पतिवार को धंसने के कारण वाहनों के आवागमन में समस्या हुई। नाला निर्माण के लिए सड़क खोदे जाने से मार्ग पर सुबह से जाम लगना शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे के बाद वाहनों की लाइन लग गई। इसमें आटो, ई रिक्शा, कार, मिनी ट्रक, लोडिंग टेंपो के साथ पर्यटकों के वाहन भी फंस गए।
गर्मी में बेहाल हो गए लोग
पुलिस ने एसीपी छत्ता कार्यालय की तरफ से आगरा फोर्ट की तरफ जाने वाले मार्ग पर 500 मीटर तक दोनों तरफ के वाहन निकाले। वाहनों को रोक-रोककर निकाला जा रहा था। इससे 2 मिनट की दूरी तय करने में वाहनों को 20 मिनट तक लग रहे थे। जाम में फंसे लोग गर्मी से बेहाल हो गए। एसीपी यातायात सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि जीवनी मंडी से लेकर विक्टोरिया पार्क तक 40 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। कार्य की जानकारी नगर निगम की ओर से पूर्व में नहीं दी गई थी।
आज शाम तक पूरा होगा काम
नगर निगम के एक्सईएन अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि नाले को फिर से बनाया जा रहा है। इसलिए खुदाई की गई। इसे बनाने में शुक्रवार शाम तक का समय लग सकता है। नगर निगम की टीम कार्य कर रही है।
जल्द करें समाधान
शहर में हर मार्ग पर जाम की समस्या रहती है। सड़क खोदे जाने के कारण हाथी घाट मार्ग पर ज्यादा समस्या हुई। इसे जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। -साैरभ शर्मा, बेलनगंज
पूर्व में सूचना दें
मेरा हाथी घाट मार्ग से रोजाना निकलना रहता है। सड़क की खुदाई से गर्मी में जाम में फंसना पड़ा। अगर, पूर्व में सूचना दी जाए तो लोग रास्ता बदलकर आएं। -राजकुमार कुशवाहा, रामबाग
एमजी रोड पर बढ़ा वाहनों का दबाव
यमुना किनारा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए पर्यटकों के वाहनों को पुलिस ने आंबेडकर पुल, रामबाग, वाटर वर्क्स और सुल्तानगंज पुलिया से एमजी रोड की तरफ डायवर्ट किया। इससे एमजी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे दोपहर में 12 से 2 बजे के बीच और शाम को 6 से 8 बजे के बीच धीमी गति से ट्रैफिक चला। पुलिस के मुताबिक, यमुना किनारा मार्ग से रोजाना 15 से 20 हजार वाहनों का आवागमन होता है। पर्यटक सीजन में यह संख्या 30 हजार तक पहुंच जाती है।