फिरोजाबाद। जनपद के जैन मंदिरों में 20वें तीर्थंकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ का निर्वाण महोत्सव बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया। विधिविधान के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाकर श्रावकों ने मोक्ष प्राप्ति की कामना की। इस दौरान जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
सुहागनगर स्थित मुनिसुव्रतनाथ जिनालय में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। नित्य नियम अभिषेक और पूजन के बाद मंदिरों में गाजेबाजे के साथ निर्वाण लाड़ू चढ़ाया गया। दिगंबर जैन मंदिर अटावाला मंदिर में निर्वाण लाड़ू पूर्ण भक्तिभाव से चढ़ाया गया। इंद्र स्वरूप श्रावकों ने भगवान का अभिषेक किया। इसके बाद वृहद शांतिधारा कुलदीप मित्तल जैन एडवोकेट, दीपक कुमार जैन द्वारा की गई।
गांधी नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भी धूमधाम से निर्वाण महोत्सव मनाया गया। निर्वाण कांड का पाठ कर श्रद्धालुओं ने श्रीजी के समक्ष लाड़ू चढ़ाया। शांतिधारा मंदिर कमेटी अध्यक्ष महावीर जैन ने की। वहीं नसियाजी मंदिर, अतिशय क्षेत्र चंद्रप्रभु मंदिर में भी लाड़ू महोत्सव की धूम रही। इस दौरान राजेंद्र राजा, राकेश जैन, आलोक राजा, विष्णु जैन, मनोज जैन, रतन जैन, महावीर जैन, अजय जैन, ललितेश जैन आदि उपस्थित रहे।
कस्बों में भी निर्वाण उत्सव मनाया
खैरगढ़/ फरिहा। खैरगढ़ स्थित मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भी धूमधाम से निर्वाण लाड़ू चढ़ाया गया। इस दौरान अखिलेश कुमार जैन, रविंद्र कुमार जैन, गौरव जैन, लव कुमार, विक्रांत जैन, प्रदीप जैन आदि उपस्थित रहे।