मैनपुरी। जिला कारागार में दो बंदियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सर्तकता बढ़ा दी गई है। प्रतिदिन बंदियों सहित सौ लोगों की सैंपलिंग कराई जा रही है। अभी तक 550 बंदियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। तीन चरणों में इनकी रिपोर्ट प्राप्त हुई है। सभी बंदियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिला कारागार में वर्तमान में करीब 1339 महिला व पुरुष बंदी हैं। बंदियों से मिलाई की प्रक्रिया लॉकडाउन के बाद से ही पूरी तरह बंद हो चुकी है। बंदी भी पेशी पर नहीं ले जाए जा रहे हैं। बीते एक सप्ताह में जेल में दो बंदी कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जेल प्रशासन सतर्क हो गया है। संक्रमित बंदियों को अलग बैरकों में रखा गया है। लगातार उनकी स्वास्थ्य निगरानी भी की जा रही है। संक्रमण अधिक न फैल सके इसको लेकर जेल में प्रवेश करने वाले चाहें अधिकारी हों या कर्मचारी सभी को स्क्रीनिंग की प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है।
अभी तक 550 सौंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुईं हैं। प्रतिदिन करीब 100 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरती जा रही है।
हरिओम शर्मा, जेल अधीक्षक