मैनपुरी। विकास खंड जागीर और कहल में तैनात खंड विकास अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी के अनुमोदन पर जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर दिया गया। यह निर्णय खंड विकास अधिकारी करहल के निलंबन के बाद लिया गया है।
पिछले दिनों शासन ने करहल ब्लॉक में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रामप्रसाद को निलंबित कर दिया था। ऐसे में यहां खंड विकास अधिकारी का पद खाली हो गया। बीडीओ की कमी के चलते यहां किसी जिला स्तरीय अधिकारी को अतिरिक्त कार्यभार देना था। इसी के चलते करहल के साथ-साथ जागीर ब्लॉक के बीडीओ में भी फेरबदल किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया के अनुमोदन पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगन दीप सिंह को खंड विकास अधिकारी व कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा का अतिरिक्त कार्यभार दिया है। जागीर ब्लॉक में तैनात ज्वॉइंट बीडीओ विमला देवी को करहल में खंड विकास अधिकारी का चार्ज दिया गया है।
करहल में कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा के पदीय दायित्वों के निर्वहन की जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी प्रवीण कुमार राय को सौंपी गई है। इस संबंध में तीनों अधिकारियों को शनिवार शाम आदेश जारी कर दिया गया है।
करहल में खाली बीडीओ के पद पर जागीर बीडीओ को स्थानांतरित किया गया है। जागीर ब्लॉक में जिला कृषि अधिकारी को बीडीओ का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
महेंद्र बहादुर सिंह, डीएम