भाई दूज पर बहने अपने भाइयों को टीका करने आईं थीं, लेकिन शहर में जाम के हालात ने उन्हें परेशानी का सामना करने के लिए मजबूर कर दिया। आगरा-फीरोजाबाद हाईवे पर जाम लगने के कारण बस और जीप से उतरकर बहनें पैदल ही चल पड़ीं। कई बहनें ऐसी थी जिन्हें तकरीबन छह किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।
फीरोजाबाद से बस में आई बीना ने बताया कि वह तकरीबन दो घंटे तक जाम में फंसी रही। बाद में उसे बस से उतरकर पैदल जाना पड़ा। रामबाग से वह भगवान टाकीज तक पैदल पहुंचीं। इसी तरह बड़ी संख्या में वाहनों में फंसे लोगों ने पैदल जाना ही उचित समझा। जाम को खुलवाने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस और न ही थाना पुलिस नजर आई। भारी वाहनों को भी प्रतिबंधित नहीं किया गया। छत्ता के रामकुमार ने बताया कि वह भगवान टाकीज से पैदल घर की तरफ गया। खंदारी के रमेश भी सुल्तानगंज पुलिया पर उतर गया। वह परिवार को लेकर पैदल ही घर गए।
दस मिनट का रास्ता लगे पांच घंटे
भगवान टाकीज से रामबाग तक पहुंचने में मात्र दस मिनट लगते हैं। मगर, जाम की वजह से लोगों को इस दूरी को तय करने में चार से पांच घंटे लग गए। एक चौराहे से आगे बढ़ते कि दूसरे चौराहे पर जाम में फंस जाते। शहर के अन्य इलाकों में भी यही हाल नजर आए। चौराहों से निकलने में लोगों को एक-एक घंटा तक लग गया। ताजमहल देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी आए थे। पर्यटकों के वाहन यमुना एक्सप्रेस वे, शाहदरा से नुनिहाई, घाट होते हुए यमुना किनारा रोड पहुंचे तो वहां भी जाम लग गया। घाट चौराहे पर एक ट्रक फंस गया। इससे पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
‘सरकार’ भी घंटों फंसी रही
जाम में कई वीवीआईपी, न्यायिक अधिकारी के अलावा प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के अधिकारी फंस गए। देर शाम कुछ नेताओं ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जाम खुलवाने के लिए फोन किया। इसके बाद अधिकारी हरकत में आए। तब कहीं थाने की पुलिस को दौड़ाया गया।
सायरन बजाती रहीं एंबुलेंस, अधिकारी ने दिलाया रास्ता
मरीजों को लेकर आ रही एंबुलेंस भी जाम में घंटों फंसी रही हैं। वह सायरन बजाती रहीं, लेकिन उन्हें जाने के लिए कहीं कोई रास्ता नहीं मिला। इससे मरीजों की हालत बिगड़ गई। शाम तकरीबन छह बजे जवाहर पुल पर चार एंबुलेेंस फंसी थीं। तभी जाम में फंसे एक अधिकारी की गाड़ी से कुछ पुलिसकर्मी उतरे और उन्होंने वाटर वर्क्स तक एंबुलेंस को रास्ता दिलवाया।
लिंक मार्ग पर फंसे वाहन
हाईवे पर जाम की वजह से आसपास के इलाकों में जाने के लिए बने लिंक मार्ग पर भी वाहन फंस गए। यही हाल शहर के अन्य इलाकों का भी रहा।
वाहन चालकों में हुआ झगड़ा
ईदगाह पर जाम की वजह से लोगों ने एक गली से वाहन निकालना शुरू कर दिया। इस दौरान जल्दी निकलने के चक्कर में दो वाहनों के चालक आपस में भिड़ गए। उनमें मारपीट तक की नौबत आ गई। इस पर लोगों की भीड़ लग गई। कई अन्य इलाकों में भी जाम में फंसे लोग झगड़ते रहे।
डग्गामार वाहनों से मुसीबत
रामबाग चौराहे पर डग्गामार वाहनों ने मुसीबत बढ़ा दी। जवाहर पुल पर जाम लगने के बाद लोगों ने अपने वाहन ट्रांस यमुना कालोनी कट से सर्विस रोड पर ले जाने शुरू कर दिए। रामबाग चौराहे पर डग्गामार वाहन और आटो खड़े होने के कारण वाहन नहीं निकल सके। इससे यहां भी जाम लग गया। पुलिस के कोई इंतजाम नहीं थे। जो लोग अपने वाहन शाहदरा तिराहे से होते हुए सीधे यमुना ब्रिज स्टेशन रोड लेकर पहुंचे तो वहां भी जाम लग गया। इसके अलावा अन्य इलाकों में डग्गामार वाहनों से जाम रहा।