एक दिन पूर्व लापता हुए आईटीआई छात्र का शव शनिवार की शाम मक्का के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद आला अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। घटना को लेकर हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को युवक बाल कटवाने की बात कहकर घर से निकला था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव करुआमई नगरिया निवासी इंद्रपाल यादव का 22 वर्षीय पुत्र भानुप्रताप उर्फ बीपी यादव आईटीआई का छात्र था। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह घर से गांव अठलकड़ा बाल कटवाने की बात कहकर निकला था। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई।
तलाश शुरू की गई तो उसकी साइकिल अठलकडा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर पर खड़ी मिली। गृहस्वामी ने बताया कि साइकिल खड़ी करने के बाद भानु बिना बताए कहीं चला गया। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। इसके चलते परिजन अनहोनी की आशंका से भयभीत थे।