उत्तर प्रदेश के आगरा में राजकीय प्रशिक्षण संस्थान (आईटीई) बल्केश्वर में छात्रों से प्रैक्टिकल में ज्यादा अंक देने के एवज में रुपये मांगने वाले अनुदेशक को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें संयुक्त निदेशक आईटीआई कानपुर से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही दंड निर्धारित करने के लिए संयुक्त निदेशक अलीगढ़ को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
आईटीआई बल्केश्वर में अनुदेशक वर्कशाप कैलकुलेशन एंड साइंस विवेक लवानिया के दो ऑडियो वायरल हुए थे। इनमें वे मनमाफिक अंक दिलाने के लिए 6000 रुपये प्रति छात्र की रिश्वत मांग रहे थे। इसका एक छात्र ने ऑडियो बना लिया। यह ऑडियो संस्थान के शिक्षकों के ग्रुप में वायरल हुआ।
पीड़ित छात्रों ने इसकी लिखित शिकायत प्रधानाचार्य मान सिंह भारती से की। मंडलीय संयुक्त निदेशक आईटीआई योगेंद्र सिंह ने भी प्रकरण की जांच के लिए कमेटी का गठन किया। कमेटी के सामने भी छात्रों ने अपनी समस्या दोहराई और बताया कि अनुदेशक विवेक लवानिया पहले भी छात्रों से रुपये की मांग कर चुके हैं।
उनके पूर्व में छात्रों से लिए गए पेटीएम के स्क्रीन शॉट भी उपलब्ध करवाए गए। दोनों ही जांच कमेटियों की रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए। निदेशक आईटीआई कुणाल सिल्कू ने लवानिया को निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि में इस दौरान व संयुक्त निदेशक कानपुर मंडल से संबद्ध रहेंगे।
अनुदेशक विवेक लवानिया की शिकायत मिली थी। जांच कमेटी की रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए। निदेशक (प्रशिक्षण) कुणाल सिल्कू ने तत्काल प्रभाव से अनुदेशक को निलंबित कर दिया है। इस दौरान वह संयुक्त निदेशक आईटीआई कानपुर से संबद्ध रहेंगे।