बाह: रिटायर्ड फौजी ने तहसील पहुंच कर लगाई एसडीएम से चकमार्ग अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार
बाह। तहसील मुख्यालय बाह पर बृहस्पतिवार को फरियाद लेकर पहुंचे चौधरी की ठार (गढ़वार) के रिटायर्ड फौजी वीरेंद्र सिंह ने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि 24 साल फौज में रहा। इतनी तो कारगिल में भी परेशानी नहीं हुई, जितनी एक चकरोड को खुलवाने में हो रही है। उन्होंने एसडीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र में कहा है कि 40 साल पुराना गांव का 800 मीटर लंबा चकरोड है। जिस पर लकड़ी के खंभे गाड़ दिए हैं। तार खींच दिए हैं, निर्माण भी किया जा रहा है। विरोध पर झगड़ा एवं मारपीट करते हैं।
पुलिस से शिकायत की, समाधान दिवस में कई प्रार्थना पत्र दिए, मुड्डी तक नहीं गाड़ी है, कोई सुनवाई नहीं हुई है। इस संबंध में एसीपी बाह जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले माह दोनों पक्षों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की थी। राजस्व विभाग चकमार्ग का सीमांकन करेगा। बाह के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र पर चकमार्ग के सीमांकन के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की टीम गठित की है। रिटायर्ड फौजी को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।