CISCE ICSE, ISC Result 2024: 12वीं में सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र हर्ष बजाज और सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज की छात्रा स्मृति शर्मा ने संयुक्त रूप से 98.75 प्रतिशत अंकों के साथ आगरा टॉप किया।
CISCE ICSE, ISC Result 2024: काउंसिल फाॅर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए। 12वीं में सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र हर्ष बजाज और सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज की छात्रा स्मृति शर्मा ने संयुक्त रूप से 98.75 प्रतिशत अंकों के साथ आगरा टॉप किया। वहीं 10वीं में सेंट जार्जेज बाग फरजाना यूनिट-1 के छात्र श्रेयांश सेठी 99.80 प्रतिशत अंकों के साथ सर्वोच्च स्थान पर रहे।
विज्ञापन
सीआईएससीई में 13 स्कूलों के करीब 3000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा दी थी। 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 28 मार्च तक चलीं। 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 2 अप्रैल तक चलीं। सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे बोर्ड ने पूर्व निर्धारित समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किया। रिजल्ट देख बच्चों के चेहरे खुशी से खिल गए। 12वीं में सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज की सेजल 98.25 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर सेंट पीटर्स के छात्र प्रखर मित्तल और सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज की छात्रा मान्या अग्रवाल ने 97.75 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
10वीं में पॉल्स यूनिट-2 के छात्र ईशान पचौरी और सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र गौरांश अग्रवाल ने 99.40 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर 99.2 प्रतिशत अंकों के साथ सेंट पीटर्स के छात्र यश जैन रहे। सेंट पीटर्स के ही छात्र प्रांजय अग्रवाल और कृषभ मल्हान 99 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे नंबर पर रहे। परिणाम देखने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल गए।
इन स्कूलों के छात्रों ने दी परीक्षा
सीआईएससीई में सेंट पीटर्स कॉलेज, सेंट पैट्रिक्स जूनियर कॉलेज, सेंट एंथनीज जूनियर कॉलेज, सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज, सेंट पॉल्स कॉलेज यूनिट-1 और 2, सेंट जार्जेज कॉलेज यूनिट-1 और 2, सेंट मैरीज कॉन्वेंट स्कूल, रागेंद्र स्वरूप, सी मैक्स इंटरनेशनल, इंडियन हैरिटेज स्कूल, होलमैन इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी शामिल हुए।
मेहनत से मिला हर्ष... मुकाम पर स्मृति
हर्ष और स्मृति ये वो दो नाम हैं जो काउंसिल फाॅर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन की 12वीं कक्षा में सितारा बनकर चमके हैं। दोनों ने 98.75 प्रतिशत अंकों के साथ आगरा टॉप किया है। हर्ष का ख्वाब प्रोफेशनल पायलट बनने का है तो स्मृति आईआईटियन बनना चाहती हैं। दोनों अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, परिवार का साथ और स्कूल के मार्गदर्शन को देते हैं।
आसमान में उड़ने की है ख्वाहिश
सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र हर्ष बजाज की ख्वाहिश कॉमर्शियल पायलट बनने की है। उन्होंने बताया कि बचपन से आसमान में उड़ने का ख्वाहिश को हकीकत में बदलना चाहते हैं। 10वीं भी 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। जून में सड़क दुर्घटना में हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया था। दो महीने बिस्तर पर रहा। स्कूल शिक्षकों के साथ ट्यूटर सौरभ सर ने मेरा हौसला बढ़ाया। लिखकर पढ़ाई नहीं कर सकता था तो मौखिक ही मुझे पढ़ाते और अभ्यास कराते थे। ठीक होने पर स्कूल पहुंचा तो वहां भी सबने खूब मदद की। नियमित स्कूल गया और जो भी पढ़ा मन लगाकर। पूरा यकीन था कि कॉलेज टॉप करूंगा। बेटे की सफलता से पिता पंकज और मां नेहा बजाज फूले नहीं समा रहे हैं। कहते हैं बेटे ने सिर्फ हमारा ही नहीं पूरे परिवार का मान बढ़ाया है।
सेल्फ स्टडी से पाई सफलता
शिक्षक पिता एलन शर्मा और श्रद्धा शर्मा की अकेली संतान स्मृति की ख्वाहिश आईआईटी कर इंजीनियर बनने की है। पहली सीढ़ी जेईई मेन्स को भी उन्होंने 98.4 परसेंटाइल के साथ क्लीयर किया है, एडवांस की तैयारियों में जुटी हैं। स्मृति को स्कूल टॉप करने का यकीन था लेकिन अब आगरा टॉप करने से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। श्रद्धा ने बताया कि पिता से फिजिक्स में मदद ली, शेष किसी भी विषय की कोचिंग नहीं ली। स्कूल का पढ़ाया ही अच्छे से समझा और रुटीन बनाकर नियमित 3-4 घंटे की सेल्फ स्टडी की। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज की श्रद्धा अपनी सफलता का श्रेय अभिभावक और स्कूल की पढ़ाई को देती हैं। स्मृति ने 10वीं 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी।