आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल रहे आगरा के रहने वाले मध्यम गति के तेज गेंदबाज दीपक चाहर इमर्जिंग प्लेयर की दौड़ में शामिल हो चुके हैं।
हालांकि दीपक का नाम इस लिस्ट में स्थान थोड़ा नीचे है, लेकिन यह आगरा के लिए गौरव की बात है कि उनका नाम आईपीएल की उस सूची में शामिल हैं, जिसे क्रिकेट की दुनिया में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
आईपीएल हर साल लीग में किसी एक खिलाड़ी को इमर्जिंग प्लेयर अवार्ड देता है। इसके लिए वोटिंग प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। आईपीएल की वेबसाइट पर जाकर कोई भी व्यक्ति वोटिंग कर सकता है।
CSK की तरफ से खेल रहे हैं दीपक
आईपीएल की ज्यूरी का भी इसमें दखल होता है। ज्यूरी इमर्जिंग प्लेयर की दौड़ में शामिल क्रिकेटर पर खेल के हरेक पहलू पर नजर रखती है। इस साल इमर्जिंग प्लेयर की लिस्ट में उन खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनका जन्म एक अप्रैल 1992 के बाद का हो।
दीपक चाहर ने इस साल चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शानदार गेंदबाजी की है। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी उनमें काफी विश्वास जताया है।
22 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाली एक दिवसीय ट्राई सीरीज के लिए भी पिछले दिनों दीपक चाहर को इंडिया ए की टीम में शामिल किया गया है। इस सीरीज में भारत और इंग्लैंड के अलावा वेस्ट इंडीज की टीम भी मैच खेलेगी।
इस सीजन का पहला विकेट किया अपने नाम
इस साल हुई मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी दीपक का शानदार प्रदर्शन रहा था। टी-20 फॉर्मेट में खेली गई इस ट्रॉफी में दीपक ने सबसे अधिक विकेट लिए थे। इस साल चल रहे आईपीएल का पहला विकेट लेने का गौरव भी दीपक चाहर के नाम है।
कमेंट्रेटर नरेंद्र शर्मा का कहना है कि इस युवा तेज गेंदबाज ने देश के क्रिकेट पटल पर जिस तरह से आगरा का नाम रोशन किया है, उसी तरह से शहर के लोगों के अपने खिलाड़ी के लिए अधिक से अधिक वोटिंग करनी चाहिए।