फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: माध्यमिक स्कूलों में फर्जी 41 नियुक्तियों की जांच एसआईटी को साैंपी, फंस सकते हैं अधिकारी; रिकार्ड किए तलब

Sun, 16 Mar 2025 04:01 PM IST
अरुन पाराशर अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

शिक्षा विभाग में फर्जी तरीके से नियुक्ति के मामले की जांच अब एसआईटी करेगी। शासन ने जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। इससे फर्जीवाड़ा करने वालों के साथ विभाग के कई अधिकारियों की भी मुश्किल बढ़ सकती है।
 
विज्ञापन
फ्रॉड। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

माध्यमिक शिक्षा विभाग में 41 फर्जी नियुक्तियों के मामले की जांच फिर से शुरू हो गई है। इस बार शासन ने जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) बनाई है। एसआईटी ने डीआईओएस से फर्जी नियुक्तियों से जुड़े रिकार्ड तलब किए हैं। संबंधित कर्मचारियों को पूछताछ के लिए लखनऊ भी बुलाया है। फर्जीवाड़े में विभाग के कई कर्मचारी और अधिकारी फंस सकते हैं।
विज्ञापन


बीते साल तत्कालीन डीआईओएस दिनेश कुमार के समय में शिक्षक, बाबू और चपरासी पद पर 41 नियुक्ति फर्जी होने की शिकायत संयुक्त शिक्षा निदेशक से की गई थी। उस समय शासन ने यह जांच संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) आरपी शर्मा को दी थी। जांच के दौरान नियुक्ति के संबंध में कोई भी पत्रावली स्कूलों से उपलब्ध नहीं हुई। स्कूलों की तरफ से नियुक्ति संबंधी जानकारी होने से साफ इंकार कर दिया। जांच के दौरान जेडी आरपी शर्मा को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद प्रकरण ठंडे बस्ते में चला गया।

अब शासन ने फिर से फर्जी नियुक्तियों की जांच कराने का आदेश दिया है। इस बाबत माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने 25 फरवरी को पत्र जारी किया है। जिसमें अशासकीय सहायता प्राप्त और संस्कृत विद्यालयों में फर्जी नियुक्ति की जांच का निर्देश दिया गया है। आगरा के साथ बलिया, आजमगढ़ और जौनपुर में भी फर्जी नियुक्तियों की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि शासन के निर्देश पर पुरानी नियुक्तियों की जांच की जा रही है। स्कूल संचालकों और कर्मचारियों से रिकार्ड मांगे हैं। एसआईटी जिन कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुला रही है, उनको नोटिस देकर लखनऊ भी भेजा जाएगा।

मामले में 20 मार्च को होनी है सुनवाई
फर्जी नियुक्तियों की जांच एसआईटी करने की जानकारी के बाद फर्जी तरीके से नौकरी पाने वालों की नींद उड़ी हुई है। पूर्व जांच के दौरान कार्यवाहक डीआईओएस डॉ. मानवेंद्र सिंह ने इनके वेतन जारी करने पर रोक लगा दी थी। इस पर कर्मचारियों ने फर्जी नियुक्तियों का वेतन जारी कराने के लिए साजिश भी रची थी। इसमें संयुक्त शिक्षा निदेशक भी फंस गए थे। इस मामले में 20 मार्च को लखनऊ में सुनवाई होने की चर्चा है, जिसे लेकर कर्मचारी खुद को बचाने में लग गए है। चर्चा है कि इस खेल का एक मास्टर माइंड सेवानिवृत्त हो चुका है, तो एक अन्य कर्मचारी पहले से निशाने पर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें