एटा जनपद की बालिका ने अंडर 19 भारोत्तोलन में कीर्तिमान स्थापित कर नई इबारत लिख दी है। अपनी लगन, मेहनत और संघर्ष के बल पर राज्यस्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में उसने गोल्ड मेडल प्राप्त किया तो नेशनल में पांचवीं रैंक प्राप्त की। अब प्रतिभा कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक पाने के लिए मेहनत में जुटी हैं।
जीटी रोड पर मलावन से पहले स्थित गांव आसपुर में मुकेश कुमार यादव और रामा यादव के यहां जन्मी प्रतिभा सावंत ने इसी वर्ष कुं. मनोहर सिंह इंटर कालेज से इंटर की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। प्रतिभा ने बताया कि तीन साल पूर्व पिताजी ने उन्हें वेटलिफ्टर कर्णममल्लेश्वरी का साक्षात्कार दिखाया। इसे देखकर उन्हें प्रेरणा मिली और पिता के साथ पं. गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम में कोच पंकज यादव से मिलीं। यहां कड़ी मेहनत के बाद वह इस मुकाम तक पहुंचीं।
जीत चुकी हैं गोल्ड मेडल
वर्ष 2019 में उन्होंने सहारनपुर में राज्यस्तरीय वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पहली बार में गोल्ड मेडल जीता और नेशनल में खेलने का टिकट पक्का किया। नेशनल खेलने वह आंध्रप्रदेश गईं। यहां उन्हें चौथी रैंक मिली। इसके बाद उन्होंने मुजफ्फनगर में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर आसोम में आयोजित खेलो इंडिया में प्रतिभाग किया। यहां उनकी पांचवीं रैंक आई।