ताजमहल के शहर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का एलान प्रदेश सरकार कर चुकी है, लेकिन इसमें केंद्र सरकार ने रोड़ा अटका रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर्यटन की बातें करते हुए खुद पर्यटक हो चुके हैं, लेकिन 18 महीने की सरकार में उत्तर प्रदेश को पर्यटन विकास के लिए एक पैसा तक नहीं दिया।
आगरा-लखनऊ-वाराणसी सहित प्रदेश के शहरों को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए भी आपरेटर केंद्र के दबाव में नहीं आ रहे। सूबे के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने पर्यटन विकास की योजनाओं के पूरे न होने पर कुछ इस अंदाज में केंद्र सरकार के सिर ठीकरा फोड़ा।
मून स्कूल ओलंपिक्स का उद्घाटन करने ताजनगरी आए पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने पर्यटन पर कम, मोदी सरकार पर ज्यादा बातें की। शहर में मुगलिया म्यूजियम, ताज ओरियेंटेशन सेंटर और ताजगंज प्रोजेक्ट को उन्होंने प्रदेश के कामों के तौर पर गिनाया। हवाई सेवा से शहरों को जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चार बार बिड डालने के बाद भी आपरेटर नहीं आ रहे। केंद्र की वजह से आपरेटर नहीं आ रहे हैं।
पर्यटन से ज्यादा पर्यटन मंत्री ने महंगाई और मोदी सरकार को कोसा। पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह के लिए सपा नेता पवन सिंह के जयपुर हाउस स्थित निवास पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया। वहां उन्होंने कहा कि 2017 का चुनाव सिर पर है। कार्यकर्ता बूथ स्तर पर कमेटियों को मजबूत करें।
पत्रकारों के सवालों को जवाब देते हुए कहा कि मोदी सरकार में अब दाल, रोटी के भी लाले पड़ने लगे हैं। आगरा के पर्यटन विकास के मुद्दे पर बोले कि शहर की एतिहासिक इमारतों के सुधार कार्यों के प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं। इस अवसर पर शहर अध्यक्ष रईसुद्दीन कुरैशी, मेयर इंद्रजीत आर्य, राहुल चतुर्वेदी, अतुल गर्ग, पप्पू राघव, मुनेंद्र जादौन, नितिन कोहली, अमित शर्मा, गौरव जैन, प्रवीण यादव, निर्वेश शर्मा आदि मौजूद रहे।