एटा के कस्बा व थाना जलेसर के मोहल्ला शंकरगढ़ में मंदिर के पास शनिवार की सुबह 6 बजे शिक्षा विभाग के अनुदेशक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कोई स्पष्ट कारण नहीं आया है। परिजन द्वारा आत्महत्या बताई जा रही है, लेकिन इसका कोई कारण नहीं मिल रहा। इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मृतक के छोटे भाई चंद्रकांत निवासी भैरों बगीची ने बताया कि बड़े भाई चंद्रजीत सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय सांथा नवीपुर में अनुदेशक के पद पर तैनात थे। शुक्रवार की शाम वह घर पर न आकर दूसरे मोहल्ले सराय राजनगर के पास मकान के कमरे में पहुंचे और जहर खा लिया। अनुदेशक ने इस प्रकार का कदम क्यों उठाया, इसके बारे में परिवार वाले कुछ नहीं बता पा रहे हैं। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरह की चोट आदि की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वजह भी नहीं पता लगी है।
फोरेंसिंक जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि परिजन की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर किसी प्रकार के कोई आरोप लगाए जाते हैं तो मामला दर्ज कर जांच कराई जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।