कासगंज। विकास खंड गंजडुंडवारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गजौरा में सचिव ने लाभार्थियों के खाते में भेजी जाने वाली शौचालय निर्माण की धनराशि फर्म के खाते में भेज दी। इससे ग्रामीणों के शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधान ने सचिव पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए डीपीआरओ से मामले की शिकायत की है। पंचायत राज विभाग ने मामले की जांच शुरू की है।
जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में शौचालयों को निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए लाभार्थी को 12 हजार रुपये दो किश्तों में दिए जाते हैं। ग्राम पंचायत गजौरा में 25 लाभार्थियों के शौचालय निर्माण के लिए धनराशि ग्राम निधि-6 खाते में 1.42 लाख रुपये भेजे गए थे। प्रधान राम सनेही का आरोप है कि पंचायत सचिव रोहित कुमार ने जुलाई माह वर्ष 2023 में लाभार्थियों के शौचालय निर्माण के मिलने वाली 1.42 लाख रुपये की धनराशि फर्म के खाते में भेज दिया।
उन्होंने बताया कि सचिव ने हस्ताक्षर युक्त तीन चेक के माध्यम से अलग-अलग फर्म में भेज दिया। शौचालय की धनराशि लोगों के खाते में नहीं भेजे जाने से उनके शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि जब प्रधान ने सचिव से इस गोलमाल के बारे में बात की तो सचिव ने उन्हें ही धमका दिया। नवंबर माह में इस पंचायत सचिव का अन्यत्र स्थानांतरण हो चुका है। प्रधान ने मामले में डीपीआरओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की ।
-ग्राम पंचायत गजौरा में सचिव द्वारा फर्म के खाते में लाभार्थी शौचालय निर्माण की शिकायत प्रधान ने की है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, कासगंज।