सेवायतों को मंदिर परिसर से बाहर निकालते दरोगा
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के बरसाना स्थित श्रीराधारानी मंदिर परिसर में सेवायत को तमाचा मारते दरोगा का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। दो दिन पहले हुए इस घटनाक्रम से विवाद बढ़े उससे पहले ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो रविवार को लोगों के बीच सुर्खियां बन गया।
बरसाना के श्रीराधारानी मंदिर में शुक्रवार को पप्पू गोस्वामी और मंगतू गोस्वामी यजमानों से दक्षिणा आदि ले रहे थे। इसी वक्त मंदिर परिसर पहुंचे कस्बा चौकी इंचार्ज राम अवध यादव ने इन दोनों सेवायतों को मंदिर से धक्का देना शुरू कर दिया। इस दौरान दरोगा ने एक सेवायत को तमाचा भी जड़ दिया।
दरोगा द्वारा मंदिर परिसर में सेवायत के साथ अभद्रता करने की घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो रविवार को वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देख लोग पुलिस पर टिप्पणी करने लगे। इसे देख हरकत में आए पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए।