आगरा। शहर की तेज गेंदबाज कल्पना लोधी का बड़ा सपना चोट के कारण अधूरा रह गया। अंडर-15 वर्ग में रफ्तार से पहचान बना चुकीं कल्पना का चयन हाल ही में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (पूर्व में नेशनल क्रिकेट अकादमी) के लिए हुआ था। मगर, मेडिकल फिटनेस में अनफिट होने के कारण वह ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा नहीं ले सकेंगी।
करीब एक सप्ताह पहले ही कल्पना का नाम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए चयनित हुआ था। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने कानपुर में उनका मेडिकल परीक्षण कराया। उनके पैर के लिगामेंट में चोट पाई गई, इससे उन्हें ट्रेनिंग की अनुमति नहीं दी गई। करीब डेढ़ महीने पहले फील्डिंग के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी। मेडिकल रिपोर्ट में यह आशंका जताई गई कि अधिक दबाव पड़ने पर चोट और गंभीर हो सकती है। गौरतलब है कि बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस देशभर के चुनिंदा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करता है।
जल्द ही होगी वापसी - इस बार चोट ने कल्पना के कदम रोक दिए हैं लेकिन उनकी प्रतिभा और जज्बे को देखते हुए खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर नई ऊंचाइयों को छुएंगी। - प्रवीन कुमार, कोच
कल्पना और प्रवीन