सरकारी अभिलेख में हाट के लिए सुरक्षित भूमि पर रसूखदारों ने मकान व दुकान बनाकर कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत मंछना निवासी एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को पत्र भेज कर की है। जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के गांव मंछना के रहने वाले राममोहन मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि गांव के चौराहा पर स्थित बेशकीमती जमीन भू- अभिलेखों में सरकारी हाट के नाम दर्ज है। उक्त जमीन पर कुछ रसूखदारों ने रातों रात कब्जा कर लिया है। जमीन पर मकान व दुकानों का निर्माण करा लिया है। शिकायत में कहा है कि गैर कानूनी निर्माण से राजस्व विभाग को भी काफी नुकसान हो रहा है। लेकिन फिर भी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि किसी बड़े अधिकारी से पूरे मामले की जांच कराई जाए। अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया जाए। सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई जाए, ताकि उक्त भूमि अपने असली कार्य के लिए इस्तेमाल में लाई जा सके। कहा है कि अगर सुनवाई नहीं तो वह विवादित स्थल पर धरना देंगे। शिकायत पर तहसीलदार आनंद सिंह जांच कर रहे हैं।