पिछले 10 दिनों में फिरोजाबाद की मंडी में सात से आठ रुपये किलोग्राम की दर से बिकने वाली प्याज की कीमत 15 से 18 रुपये तक पहुंच गई। अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। नगला भाऊ निवासी दीप्ति ने कहा कि एक तो गर्मी से सभी परेशान हैं, ऊपर से महंगाई बढ़ गई। दालें काफी महंगी हो गई। इस कारण रसोई का बजट जो कंट्रोल था उसका बोझ बढ़ गया है।
संतोषनगर निवासी अनीता देवी कहती हैं हर चुनाव के बाद महंगाई बढ़ती है। प्याज ने आंसू निकालने शुरू कर दिए हैं तो दालें, मसाला व चीनी तक महंगी हो गई है। सरकार ने कोई टैक्स बढ़ाया नहीं तो फिर दरें क्यों बढ़ाई गई। मातावाला बाग निवासी मंजू देवी ने कहा रसोई गैस की भी कीमत में बढ़ोत्तरी हो गई। 756.70 रुपये गर्मी के दिनों में दर रहने से दिक्कत है। सरकार व प्रशासन को इन दरों को नियंत्रण करना चाहिए।
परचून दुकानदार संजीव कुमार जैन ने कहा कि लोकसभा के चुनाव के बाद दाल, चीनी, मिर्च व धनिया की कीमतों में उछाल आया है। दरें बढ़ीं हैं, कारण कोई बताने को तैयार नहीं है। गौरव ने कहा कि पैकबंद सामान की दरों में बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन खुले सामान जो आम आदमी की जरूरत के सामान हैं उनकी दरें अचानक बढ़ी हैं। इससे आम जनमानस पर असर पड़ा है।