कासगंज। महंगाई लोगों का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही। कंपनियों ने गैस की कीमतों में 50 रुपये और बढ़ा दिए। 18 माह में रसोई गैस सिलिंडर के रेट 65.48 प्रतिशत बढ़ गए हैं। बढ़ती कीमतों ने रसोई के बजट पर काफी असर डाला है।
खाद्य पदार्थ दाल, रिफाइंड, सरसों का तेल, वनस्पति घी, सब्जी की कीमतें तो लगातार बढ़ ही रही हैं। अब रसोई गैस पर घर पर खाना बनाना भी आसान नहीं रहा है। नवंबर 2020 तक रसोई गैस का सिलिंडर 620 रुपये का बिक रहा था, लेेकिन दिसबंर में दो बार में 100 रुपये बढ़ा दिए गए। जिससे सिलिंडर 720 रुपये का हो गया। जनवरी 2021 में गैस की कीमतों में इजाफा नहीं हुआ, लेकिन फरवरी माह में फिर से 75 रुपये बढ़ गए। इसके बाद मार्च में 50 रुपये बढ़ाए गए। अप्रैल माह में थोडी राहत मिली। महज 10 रुपये कम किए गए।
अप्रैल से जून तक कीमतें स्थिर बनी रहीं। इसके बाद जुलाई से फिर कीमतें बढ़ना शुरू हुई। इस माह 25 रुपये बढ़ाए गए। इसी तरह अगस्त में फिर से 25 रुपये बढ़ गए। सितंबर में 5 रुपये की मामूली गिरावट आई। अक्तूबर में फिर से महंगाई ने झटका दिया। इस माह 46.50 रुपये कीमतों में इजाफा हो गया। इसके बाद विधानसभा चुनाव आ जाने से कीमतें फिर से स्थिर बनी रहीं, लेकिन आचार संहिता हटते ही मार्च 2022 में 50 रुपये कीमतें बढ़ा दी गई है। इसके बाद अप्रैल में लोगों कीमतें न बढ़ने से राहत रही, लेकिन मई में फिर से गैस कंपनियों ने झटका दे दिया। 50 रुपये की कीमत बढ़ जाने से अब रसोई गैस 1024.50 रुपये का हो गया है।
बिगड़ रहा बजट
रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। जबकि सब्सिडी पहले ही खत्म हो चुकी है। 50 रुपये फिर से बढ़ाए गए है। घर का बजट लगातार बिगड़ रहा है। शशि बैस, गृहणी
दो हजार रुपये साल का खर्च बढ़ा
रसोई गैस की कीमतों में 50 रुपये फिर बढ़ गए है। समझ में नहीं आ रहा आखिर कितना महंगा सिलिंडर बिकेगा। महंगाई की बजह से आम आदमी काफी परेशान है। राजकुमारी गृहणी