अगर आप रेल में यात्रा करने के दौरान सो जाते हैं तो जनाब बेफिक्र होकर सोइए। आपको उठाने का काम अब रेलवे करेगा। ऐसे यात्रियों को रेलवे गंतव्य स्टेशन के आने से करीब आधा घंटा पहले मैसेज और अलार्म के माध्यम से जगाएगा।
यह खास सेवा रेलवे ने शुरू की है। इसकी सहायता से यात्री को गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही फोन और संदेश भेजकर अलर्ट कर दिया जाएगा कि उठ जाइए, अब आपका स्टेशन आने वाला है।
इस सुविधा को पाने के लिए यात्री को अपना पीएनआर नंबर और यात्रा का अंतिम स्टेशन मैसेज करना होगा। यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
indian railway
अकसर होता ये है कि रेल यात्रियों का स्टेशन नींद के कारण छूट जाता है। या फिर वे हड़बड़ाहट में उठकर जल्दी ट्रेन से उतरने की कोशिश करते हैं। ऐसा होने पर अकसर सामान ट्रेन में छूट जाता है।
जल्दबाजी करने पर कभी-कभी चोट लगने का भी खतरा रहता है। ऐसे यात्रियों की परेशानियों को दूर करने के लिए रेलवे ने वेकअप डेस्टिनेशन अलार्म सेवा की शुरुआत की है।
इस सेवा के लिए यात्रियों के मोबाइल से मल्टीसिटी के लिए 1.20 रुपये, जबकि नॉन मल्टीसिटी के लिए दो रुपये प्रति मिनट की दर से शुल्क वसूला जाएगा।
यदि आप रेलवे की वेकअप अलार्म सेवा का लाभ लेना चाहते हैं तो आपको सिर्फ कस्टमर केयर नंबर 139 पर कॉल करना होगा।
आपको पीएनआर और अपना मोबाइल नंबर बताना होगा। ऐसा करने से आपका अलार्म कंफर्म हो जाएगा। भविष्य में इसी नंबर पर आपको ये सेवा मिलती रहेगी।