मैनपुरी। नगर से होकर गुजरने वाले शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद रेलमार्ग पर ट्रेन को 110 की स्पीड से दौड़ाने की तैयारी तेज होती जा रही हैं। वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर की देखरेख में शिकोहाबाद से फर्रुखाबाद तक ट्रैक बदले जाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रथम चरण में इस रेल मार्ग पर पडने वाले रेलवे क्रॉसिंग पर काम कराया जा रहा है।
कोसमा, कचहरी, जवापुर, भोजपुरा आदि क्रॉसिंग पर रेलवे लाइन को बदल दिया गया है। इसके अतिरिक्त टिंडौली, भोगांव, करहल, भांवत आदि रेलवे क्रॉसिंग पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए रेलवे अधिकारी दिन रात एक किए हुए हैं। रेलवे कर्मचारी बारिश के मौसम में भी रेलवे लाइन के किनारे ही डेरा डालकर कार्य में लगे हुए हैं। वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर सुनील यादव बताते हैं कि दो वर्ष के अंदर कानपुर तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
---
आपातकाल में गुजरेंगी एक्सप्रेस ट्रेन
विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद रेलमार्ग कई मायनों से महत्वपूर्ण है। यह जहां कानपुर-कासगंज मार्ग को अपने से जोड़ता है वहीं इटावा कानपुर रेलमार्ग को भी अपने से जोड़ता है। इसलिए इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है। इटावा-कानपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर कभी भी दिक्कत आने पर शिकोहाबाद या इटावा से ट्रेन को मैनपुरी होकर कानपुर व दिल्ली के लिए निकाला जा सकता है।
2022 तक काम करना है पूरा
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि 2022 तक ट्रैक के आधुनिकीकरण का कार्य पूरा करना है। इसके लिए अलग-अलग टुकड़ों में काम किया जा रहा है। शिकोहाबाद से फर्रुखाबाद तक प्रथम चरण में सभी क्रॉसिंग पर काम किया जा रहा है। इसमें 55 किमी के सापेक्ष 18 किमी कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष कार्य के लिए रेलवे कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की स्पीड 75 है। ट्रैक काफी पुराना भी हो चुका है। यहां ट्रेन की स्पीड बढ़ाकर 110 करना है। इसके लिए ट्रैक पर पटरियों को बदला जा रहा है। इस कार्य में लगभग दो वर्ष का समय लगेगा। 2022 में इस रेल मार्ग पर हाईस्पीड ट्रेन दौड़ेगी। इसके लिए आधुनिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
सुनील यादव, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर रेलवे खंड मैनपुरी