इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का सर्वर ठप, परेशान रहे खाताधारक
बैंक स्टाफ खाताधारकों को नहीं देता है सही जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सोमवार को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का सर्वर ठप होने से खाताधारकों को परेशानी हुई। खाताधारक दिन भर बैंक के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनका काम नहीं हुआ। वहीं दूसरी तरफ बैंककर्मी सर्वर डाउन का बोर्ड लगाकर आराम करते नजर आए।
करहल चौराहा स्थित प्रधान डाकघर परिसर में ही इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक संचालित है। यहां अधिकांश खाते किसान और सरकारी योजनाओं के पात्रों के ही है। सोमवार को सुबह से ही खाताधारक रुपयों की जमा निकासी कराने के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। कुछ ही देर में बैंक का सर्वर ठप पड़ गया। बैंक कर्मियों ने सर्वर डाउन होने का एक बोर्ड उठाकर बाहर गेट पर लगा दिया। इसके बाद वे आराम करते नजर आए। वहीं खाताधारकों की परेशानी इससे बढ़ गई। कुछ खाताधारक जहां बैंक के चक्कर लगाते रहे तो वहीं कुछ परिसर में ही बैठकर इंतजार करते रहे। लेकिन सर्वर सही न होने से बाद में उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा।
फर्जी खातों को लेकर भी रही चर्चाएं
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में कन्नौज के रहने वाले 50 से अधिक लोगों के फर्जी खाते खोले जाने का मामला सामने आया है। इसके बाद से ही बैंक कर्मियों में खलबली मची हुई है। सूत्रों ने बताया कि बैंककर्मी उन्हीं खातों का डाटा खंगाल रहे हैं। सोमवार को भी इसी के चलते सर्वर डाउन होने की बात कहकर काम रोक दिया गया। जल्द ही जांच में यहां भी प्रधान डाकघर की तरह बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है।