फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘भारत-पाक दुश्मनी ने रोकी सार्क की तरक्की’

Mon, 19 Oct 2015 02:18 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
सार्क के सात देश, एक जैसी समस्याएं, एक जैसे निदान और एक ही भविष्य। फिर सातों ही एक राष्ट्र की तरह मिलकर क्यों न नीतियां बनाएं और विकास का रोडमैप तैयार करें, जो सार्क देशों की तरक्की का जरिया बने। लेकिन यह तभी मुमकिन है जब भारत और पाकिस्तान तनाव खत्म करें। इन दोनों देशों की दुश्मनी ने पूरे सार्क की तरक्की रोक दी है।
विज्ञापन

कुछ इस तरह से सार्क देशों के लेखकों, साहित्यकारों ने अपनी चिंता बयां की। रविवार को डा. एमपीएस कालेज, सिकंदरा में ‘दक्षिण एशिया की चुनौतियां और भारत पाक की भूमिका’ विषय पर सेमिनार के दूसरे दिन अखिल भारतीय रचनात्मक समाज अध्यक्ष पदमश्री डा. जी मुनिरत्नम सहित लेखकों ने सार्क देशों की समस्याओं पर चिंतन किया। वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच दुश्मनी के लिए नेताओं को दोषी ठहराना गलत है। अवाम अगर चाहेगी तो नेताओं पर वह सब कदम उठाने का दबाव पड़ेगा ही। सार्क देशों को जितनी तरक्की करनी चाहिए थी, उतनी कर नहीं सके। इसके लिए कई देश भारत और पाकिस्तान के बीच की दुश्मनी को वजह मानते हैं। सार्क देशों के विकसित होने में भारत और पाकिस्तान का सबसे ज्यादा रोल है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की लाहौर यात्रा को याद किया।
आतंकियों से बचाएं न्यूक्लियर हथियार
सार्क देशों के वक्ताओं ने पाकिस्तान के न्यूक्लियर हथियारों को आतंकियों के हाथों तक पहुंचने से रोकने की कार्य योजना बनाने की जरूरत बताई। सेमिनार में कहा गया कि अगर न्यूक्लियर हथियार आतंकियों तक पहुंचे तो यह सभी सार्क देशों के लिए खतरनाक होगा। इराक जैसे देश में आईएस ने जो हालात बना दिए हैं, उससे पाकिस्तान और भारत को सजग रहना होगा।
विज्ञापन

सेमिनार में पत्रकार मार्क टुली, सतीश जैकब, शाहिद सिद्दीकी, कमर आगा, स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, विजय पाल सिंह, राजा हसन, रूपक खंडाल मंचासीन रहे।
जतिन एवं कुट्टी को मिला निर्मला देशपांडे एवार्ड
सालों तक जेल में रहे मछुआरों को छुड़वाने की मुहिम चलाने वाले भारतीय मानवाधिकार कार्यकर्ता जतिन देसाई और पाकिस्तान के बीएम कुट्टी को प्रतिष्ठित ‘निर्मला देशपांडे साउथ एशिया पीस एंड जस्टिस एवार्ड’ से सम्मानित किया गया। फोकलोर रिसर्च एकादमी और अखिल भारतीय रचनात्मक समाज की ओर से दिए गए पुरस्कार को ग्रहण करने बीएम कुट्टी अस्वस्थता के कारण नहीं आ सके। उनका पुरस्कार पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल को सौंपा गया।
रविवार दोपहर डा. एमपीएस ग्रुप के सिकंदरा स्थित संस्थान में सार्क देशों के लेखकों और साहित्यकारों ने विद्यार्थियों से मुलाकात की। डा. एमपीएस ग्रुप चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने सार्क देशों से आए प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। ‘पाकिस्तान-इंडिया पीपुल्स फोरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी’ के सचिव जतिन देसाई को डा. एमपीएस स्कूल में हीं तृतीय निर्मला देशपांडे अवार्ड दिया गया। अखिल भारतीय रचनात्मक समाज अध्यक्ष पद्मश्री डा. जी मुनि रत्नम के साथ वरिष्ठ पत्रकार मार्क टुली, सतीश जैकब, शाहिद सिद्दीकी, रमेश यादव ने उन्हें यह सम्मान सौंपा। जतिन कार्यक्रम के बाद ही आगरा से चले गए। शाम को गायत्री पब्लिक स्कूल में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में पाकिस्तान के सामाजिक कार्यकर्ता बीएम कुट्टी को यह पुरस्कार दिया जाना था, लेकिन वह अस्वस्थ होने के कारण नहीं पहुंच सके। कुट्टी को दिए गए पुरस्कार के साथ 50 हजार रुपये की धनराशि पाकिस्तान से आए प्रतिनिधिमंडल को सौंपी गई।
गायत्री स्कूल में गिद्दा और भंगड़ा की धूम
आगरा बुक क्लब और गायत्री स्कूल द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। विद्यालय उपाध्यक्ष डा. शिवानी चतुर्वेदी और प्रबंधक प्रद्युमभन चतुर्वेदी के साथ अतिथियों ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। समारोह में इसमें गिद्दा और भंगड़ा नृत्य की धूम रही। एक पहल संस्था के बच्चों ने नाटक का मंचन किया। डा. शिवानी ने गुलजार की कविता दस्तक और मनदीप ने पंजाबी कविता को प्रस्तुत किया। संचालन कक्षा 9 के विद्यार्थी आयुषी और यश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में पूर्णिमा सिंह, बीना उपाध्याय, डी के अधिकारी, मीना भार्गव, फरहत नजमी का सहयोग रहा।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें