बिचपुरी। आरबीएस एजुकेशनल सोसाइटी में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जातीय भेदभाव के विरोध में क्षेत्रीय लोगों ने शुक्रवार से कॉलेज गेट पर बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। धरने पर महिला और बच्चे भी बैठे रहे।
किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह और बिचपुरी ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष हाकिम सिंह सोलंकी के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोग एसबीआई बैंक पर एकत्रित हुए। यहां से महिलाओं और बच्चों के साथ पैदल मार्च करते हुए आरबीएस इंजीनियरिंग टेक्निकल कैंपस के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। चौधरी दिलीप सिंह और इंद्रेश प्रताप सिंह ने बताया कि यह धरना सोसाइटी की व्यापक ऑडिट, निकाले गए कर्मचारियों की बहाली, मृतक आश्रितों को नौकरी, हाईकोर्ट आदेशों के पालन, पुराने बायलॉज बहाली और जमीन देने वाले किसानों के बच्चों को वेटेज जैसी 12 प्रमुख मांगों को लेकर शुरू किया है। कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में अजीत चाहर बरारा, भरत सिंह सोलंकी, मुनेंद्र परमार, बॉबी प्रधान सहारा, चौधरी बाबूलाल प्रधान, बनैसिंह पहलवान, प्रधानपति मनु सोलंकी, प्रदीप चौधरी प्रधान, प्रदीप राना, टिंकूराज पथौली, पूर्व प्रधान कृष्णवीर सिंह सोलंकी, कृपाल सिंह आदि रहे। वहीं, थाना जगदीशपुरा के निरीक्षक अपराध आईपी सिंह फोर्स के साथ डटे रहे।
पुलिस से हुई नोकझोंक
किसान-मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह के मुताबिक, शाम पांच बजे धरना स्थल पर क्षेत्रीय लोगों की ओर से टेंट लगाने का प्रयास किया गया। चौकी इंचार्ज बिचपुरी ने धरनारत लोगों को टेंट लगाने से रोक दिया। इसी को लेकर पुलिस और धरना दे रहे लोगों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि कुछ देर बाद ही लोग शांत हो गए।-
-
पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। प्रदर्शनकारियों से वार्ता की जा रही है। उनसे प्रदर्शन खत्म करने की अपील की गई है।- गौरव सिंह, एसीपी, लोहामंडी