कासगंज सोरों मार्ग पर भवन स्वामी स्वयं अपने अतिक्रमण हटाते
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। शहर से कलक्ट्रेट मुख्यालय को फोरलेन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहाहै। इसी अभियान के तहत सड़क की हद में आ रहे अतिक्रमण हटाए गए। कई भवन स्वामियों ने स्वयं अपने भवनों पर छैनी हथोड़े चलाए।
फोरलेन सड़क निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। डीएम के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने शहर में काम से पहले कलक्ट्रेट तक काम पूरा करने पर बल दिया है। पीडब्ल्यूडी ने जल्द ही काम पूर्ण कर लेने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए हैं।
सोमवार को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर और कार्यदायी संस्था के अफसरों ने फोरलेन की राह में रोड़ा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया। मामो प्रह्लादपुर और आवास विकास के समीप चिह्नित अतिक्रमण हटवाए गए। भवन स्वामियों ने भी स्वयं अपने भवनों पर छैनी हथोड़े चलाकर अतिक्रमण हटाए। पीडब्ल्यूडी ने सभी भवन स्वामियों से अपील की कि वह जल्द ही अपने अतिक्रमण हटालें।
डीएम से मिले भवन स्वामी
कासगंज। शहर के कुछ भवन स्वामी सोमवार को डीएम चंद्र प्रकाश सिंह से मुलाकात करने पहुंचे। भवन स्वामियों ने डीएम से कहा कि उनके भवन अतिक्रमण के हद में नहीं हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग मानक के विपरीत चिह्नीकरण कर रहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में अनदेखी नहीं की जा सकती, लेकिन समस्या समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के अफसरों को निर्देशित करेंगे।
- कलक्ट्रेट तक फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। कई भवन स्वामी स्वयं अतिक्रमण हटाने में रुचि दिखा रहे हैं।
- सुधीर कुमार, अधिशसी अभियंता, लोक निर्माण विभाग।