आगरा। शहर में महंगे मैरिज होम और लॉन में शादी-समारोह का आयोजन करने वाले रईस अब आयकर विभाग की रडार पर आ गए हैं। हाल ही में राज्यकर (जीएसटी) विभाग ने एक प्रमुख इवेंट मैनेजमेंट फर्म के मालिक पर कार्रवाई की। इसके बाद आयकर विभाग भी सक्रिय हो गया है। ऐसे आयोजकों और लॉन मालिकों के खिलाफ अब बड़ी जांच की तैयारी है।
दरअसल, पिछले दिनों राज्यकर विभाग को सूचना मिली थी कि शहर के एक नामी इवेंट फर्म के मालिक शादी और अन्य भव्य आयोजनों के लिए बिना किसी वैध बिल के लाखों रुपये वसूल रहे हैं। जब टीम ने फर्म और उससे जुड़े ठिकानों पर जांच की तो सामने आया कि बुकिंग का एक बड़ा हिस्सा कैश में लिया गया था और इसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं रखा गया।
इस कार्रवाई में भारी कर चोरी पकड़ी गई थी। कार्रवाई के बाद अब आयकर विभाग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। सूत्रों का कहना है कि विभाग अब उन लोगों की कुंडली खंगाल रहा है जिन्होंने हाल के महीनों में महंगे लॉन और मैरिज होम में लाखों रुपये खर्च कर बिना बिल के बुकिंग कराई थी। यदि किसी आयोजन में निर्धारित सीमा से अधिक कैश लेन-देन पाया जाता है तो आयोजक और सेवा प्रदाता दोनों से उस धन के स्रोत का हिसाब मांगा जाएगा।