कोसीकलां (मथुरा)। कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में एक सिगरेट फैक्टरी पर बुधवार सुबह आयकर विभाग ने छापा मारा। 10-12 अधिकारियों की टीम ने पूरी फैक्टरी को घेरकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान गेट पर पुलिस टीम को तैनात कर दिया गया। मजदूरों को भी काम पर नहीं जाने दिया। फैक्टरी को बंद कराकर टीम देर शाम तक जांच पड़ताल कर रही थी।
कोटवन औद्योगिक क्षेत्र में पेलिकोन के नाम से सिगरेट बनाने की फैक्टरी है। यहां पर सैकड़ों मजदूर काम करते हैं। बुधवार सुबह लगभग 10 बजे अचानक आयकर विभाग के दिल्ली, हरियाणा के अधिकारी गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ कर मालिकों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मालिकों को फैक्टरी आने के लिए कहकर पूरी टीम अंदर चली गई। फैक्टरी में अंदर टॉफी बनते हुए भी मिली बताई गई हैं। अधिकारियों के आदेश पर फैक्टरी के गेट पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। कुछ देर बाद ड्यूटी पर पहुंचे मजदूरों को बाहर ही रोक दिया गया।
मजदूरों का कहना था कि अधिकारियों की टीम ने फैक्टरी को बंद करा दिया था। बाद में अधिकारियों ने मालिक को बुला लिया। देर शाम तक पूरी टीम व फैक्टरी मालिक अंदर थे। फैक्टरी मालिकों से प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। इंस्पेक्टर प्रमोद पंवार ने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मांग की थी, टीम को फोर्स उपलब्ध करा दिया गया।