आगरा में भारतीय वायु सेना सी-295 फुल मोशन सिम्युलेटर (एफएमएस) सुविधा का उद्घाटन किया। सिम्युलेटर टैक्टिकल शिफ्ट, पैराड्रॉपिंग, पैराट्रूपिंग, चिकित्सा निकासी और आपदा राहत आदि जैसे विभिन्न मिशनों का अनुकरण करके पायलटों को लगभग यथार्थवादी वातावरण में प्रशिक्षित करने में सक्षम बनाता है।
स्पेन से खरीदे गए सी-295 विमानों के पायलटों के प्रशिक्षण के लिए आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर फुल मोशन सिम्युलेटर सुविधा का उद्घाटन सोमवार को किया गया। मध्य वायु कमान के एओसी एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने आगरा एयरबेस पर सी-295 विमान के लिए बनाए गए प्रशिक्षण केंद्र में सिम्युलेटर का शुभारंभ किया। इसके जरिए पायलटों को असल माहौल में उड़ान का अनुभव मिल पाएगा।
टाटा और एयरबस मिलकर सैन्य परिवहन विमान सी-295 को बना रहे हैं। स्पेन की एयरबस कंपनी ने सिम्युलेटर स्थापित किया है। स्पेन से आए प्रशिक्षक और पायलट इस विमान के लिए प्रशिक्षण देंगे। सिम्युलेटर से टेक्निकल शिफ्ट, पैराड्रॉपिंग, पैराट्रूपिंग, चिकित्सा निकासी और आपदा राहत आदि विभिन्न मिशन के लिए पायलट को वैसे ही माहौल दिए जाएंगे। इससे प्रशिक्षण में काफी मदद मिलेगी। उड़ान के घंटे भी बचेंगे।
विज्ञापन
विमान के कॉकपिट की तरह है सिम्युलेटर
जिस तरह से कंप्यूटर स्क्रीन पर कार ड्राइविंग की ट्रेनिंग होती है, ठीक वैसे ही एयरबेस पर बनाए गए सिम्युलेटर को विमान के कॉकपिट की तरह बनाया गया है। इसमें पायलट उड़ान जैसा ही अनुभव कर पाएंगे। हवा में खतरों की गई स्थितियों का अनुभव पायलट को कराया जाएगा। इन खतरों से कैसे बचें और युद्ध के माहौल में राहत मिशन, परिवहन सेवाएं दे पाने में सक्षम बनने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके जरिए उच्च जोखिम वाली आपात स्थिति से निपटने के लिए पायलट अपना कौशल भी सुधार सकेंगे। इससे सैन्य अभियानों की उड़ान सुरक्षा भी बढ़ेगी।
सी-295 विमानों का भी बेस बनेगा आगरा
आगरा एयरफोर्स स्टेशन रूस के एंटाेनोव यानी एएन-32 विमानों का बेस स्टेशन है। यह विमान सैन्य परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अब स्पेन की एयरबस के बनाए हुए सी-295 विमानों का बेस स्टेशन भी आगरा बनेगा। एयरफोर्स को 56 सी-295 विमान दिए जाएंगे, जिनमें से 16 स्पेन के सेविले में बनाए जाएंगे, जबकि बाकी 40 का निर्माण भारत में ही होगा। बीते माह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पेनिश पीएम के साथ वड़ोदरा में सी-295 के लिए टाटा विमान परिसर का उद्घाटन किया था।