प्यार का इजहार करने सात समंदर पार से आए विदेशी सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
संगमरमरी ताजमहल के सामने महबूब साथ हो तो वेलेंटाइन डे तो यादगार होना ही है। साथ जीने-मरने का वादा करने और इजहार ए इश्क करने वाले प्रेमियों ने वेलेंटाइन डे पर ताज को। न सिर्फ हिंदुस्तान, बल्कि सात समंदर पार से प्यार का इजहार करने के लिए पर्यटक ताजमहल पहुंचे। मंगलवार को ताज समेत शहर के स्मारकों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कहीं ज्यादा युवा प्रेमी जोड़े नजर आए।
वेलेंटाइन डे पर ताजमहल के साए में अपने इश्क का इजहार करने युवा उमड़ पड़े। ताज में विदेशी सैलानियों के लिए वेलेंटाइन डे मनाना किसी सौगात से कम नहीं रहा। ताज में प्रवेश करते ही विदेशी सैलानी चहक उठे। किसी ने लाल गुलाब देकर वेलेंटाइन डे को यादगार बनाया तो किसी ने बांहों में भरकर सेल्फी ली। सेंट्रल टैंक की डायना सीट पर बैठकर युवा जोड़ों ने मुहब्बत का इजहार करते हुए फोटोग्राफी कराई तो कोई एकांत में यमुना किनारे मीनार के पीछे जा बैठा। दिल्ली-एनसीआर के प्रेेमी जोड़े और नव विवाहित जोड़े भी ताज पर पहुंचे। होटलों ने आन लाइन बुकिंग और पैकेज बना रखा था। ताजमहल के अलावा शहर के स्मारकों आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, मरियम टूम, अकबर टूम, महताब बाग, एत्माद्दौला, चीनी का रोजा, रामबाग में भी प्रेमी जोड़े ज्यादा नजर आए। इनके अलावा स्कूल और कालेजों के छात्र छात्राएं ताज नेचर वॉक में साथ साथ नजर आए।