मैनपुरी। ढाई माह पहले शहर के अन्नू मेडिकल स्टोर से मिला संदिग्ध इंजेक्शन ऑक्सीटोसिन ही था। प्रयोगाशाला की जांच रिपोर्ट में ये बात साबित हो गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विकेता का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भेजी है।
औषधि निरीक्षक उर्मिला अग्रवाल ने 21 मार्च 2022 को देवी रोड स्थित अन्नू मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया था। यहां से संदिग्ध इंजेक्शन बरामद हुआ था। सौ एमएल की एक दर्जन से अधिक वॉयल बिना स्टीकर के मिली थीं। जांच के लिए नमूना लेकर राज्य प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट अब प्राप्त हुई है। रिपोर्ट के अनुसार संदिग्ध इंजेक्शन प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन है। रिपोर्ट के आधार पर औषधि निरीक्षक ने इंजेक्शन के स्टॉक को नष्ट करने और विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति डीएलए आगरा डॉ. अखिलेश कुमार जैन को भेजी है।
सैंपल की दवाएं भी मिलीं थीं
मेडिकल स्टोर पर छापेमारी के दौरान सैंपल की दवाएं भी मिलीं थीं। इसके लिए संबंधित कंपनियों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा पत्र भेजकर जवाब मांगा जाएगा। आखिर कैसे सैंपल की दवाएं मेडिकल स्टोर पर पहुंचीं।
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर से संदिग्ध इंजेक्शन बरामद हुआ था। जांच रिपोर्ट के अनुसार ये इंजेक्शन ऑक्सीटोसिन है। विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।
-उर्मिला अग्रवाल, औषधि निरीक्षक।